कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरौरा के हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लाइसेंसी बंदूक बरामद हुई है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। दो आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से दूर हैं। कोतवाल संजय गुप्ता का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बता दें कि 8 नवंबर की शाम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरौरा में एक ही बिरादरी के दो गुटों में आशनाई को लेकर झड़प हो गई थी। जिसमें सुंदरसिंह पाल की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
घटना में पांच लोग घायल भी हुए थे। इस मामले में मृतक के भाई प्रेमनारायण ने लाखनसिंह, मानसिंह, साहबसिंह, जसवंत तथा यतेंद्र सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी।
दो आरोपी मानसिंह व यतेंद्र को घटना के तुरंत बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि मंगलवार को पुलिस ने कमसेरा मोड़ के पास से मुख्य आरोपी साहबसिंह पुत्र हरदास पाल को बंदूक के साथ पकड़ लिया। लाखनसिंह और जसवंत अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।