कालपी। कोतवाली में युवक की पट्टे से पिटाई के मामले में एसपी अमरेंद्र सिंह ने दरोगा शफीक अहमद को निलंबित और सिपाही राघवेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। कोतवाली के अंदर हुई पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
बता दें कि 24 मार्च की शाम को कालपी कोतवाली पुलिस भाजपा के नगर महामंत्री राजेंद्र साहू की शिकायत पर मोहल्ला सदर बाजार से आलिम नाम के युवक को उठा लाई थी। कोतवाली में दरोगा शफीक अहमद व सिपाही राघवेंद्र सिंह ने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में आलिम की पट्टे से जमकर पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आ गईं थीं।
मारपीट के दौरान कोतवाली में मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बना लिया और फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दरोगा आलिम को पट्टे से पीटके दिखाए गए थे। बात बढ़ने पर एसपी ने मामले की जांच कराई तो मामला सही पाया। इस पर मंगलवार को एसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच कराने पर मामला सही पाया गया, जिसके चलते तत्काल कार्रवाई की गई। साथ ही सिपाही राघवेंद्र के खिलाफ पहले से ही कई शिकायतें आई थी, जिसकी जांच चल रही थी।
कालपी कोतवाली में मारपीट का वीडियो वायरल होने का मामला
भाजपा नेता की शिकायत पर युवक को पट्टे से पीटा था
अमर उजाला ब्यूरो