अमर उजाला ब्यूरो
बिधूना (औरैया)। कस्बे की लोहा बाजार में सोमवार देर शाम बाइक से आए तीन युवकों ने व्यापारी के बेटे को गोली मार दी। इसके बाद तमंचा लहराते हुए भाग निकले। गोली चलते ही बाजार में भगदड़ मच गई। घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। गोली मारने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
कस्बा निवासी चुन्ना अगिभनहोत्री की लोहा बाजार में परचून की दुकान है। उसका बेटा शिव अगिभनहोत्री (20) भी दुकान में बैठता है। सोमवार शाम करीब सात बजे शिव अपनी दुकान से उठकर पड़ोस में स्थित इलेक्ट्रानिक की दुकान पर गया और एक युवक से बात करने लगा। इसी बीच एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। बाइक सवार एक युवक ने तमंचे से शिव पर फायर झोंक दिया। कमर में गोली लगने से ही शिव लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद बाइक सवार तमंचा लहराते हुए भाग निकले। गोली चलने की जानकारी होते ही आसपास के दुकानदार जुट गए। आनन- फानन में शिव को बिधूना सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डाक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर के हैलट अस्पताल पहुंचे। जहां उसे भर्ती कर लिया गया है। उधर, व्यापारी के बेटे को गोली मारने की घटना की जानकारी मिलते ही अन्य दुकानदार भी लामबंद हो गए। मौके पर पहुंचे कोतवाल अखिलेश मिश्रा से हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। कोतवाल ने बताया कि परिजन कानपुर चले गए हैं। अभी घटना की वजह पता नहीं चल पाई है। जांच पड़ताल की जा रही है। गोली मारने वाले युवकों की भी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
- भरेबाजार व्यापारी के बेटे को मारी गोली
- हालत गंभीर, कानपुर रेफर
- गोली चलते ही बाजार में मची भगदड़
फोटो-02 एयूआरपी 36- अस्पताल में भर्ती घायल का उपचार करते चिकित्सक
फोटेा02- एयूआरपी 37 -बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे घायल के परिजन