अछल्दा (औरैया)। गांव में हो रही भागवत कथा सुनने के लिए पूरा परिवार गया हुआ था और चोरों ने दिनदहाड़े लाखों का माल पार कर दिया। जब घर के लोग लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ पड़ा पाया गया। अंदर जाकर देखा तो कीमती सामान गायब था। पीड़ित ने थाना अछल्दा में चोरी की तहरीर दी है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम घसारा में सात मार्च से भागवत कथा हो रही थी। पूरा परिवार प्रतिदिन भागवत कथा में शामिल होता था। रोज की तरह 11 मार्च को दोपहर साढ़े तीन बजे करीब विनोद दीक्षित का परिवार भागवत सुनने गया था। घर में कोई नहीं था। घर खाली देख पहले से ही घात लगाए चोरों ने नल के पाइप के टुकड़े को घर की कुंडी में फंसाकर ताला तोड़ दिया और घर में रखी एक जंजीर, दो अंगूठी व चार चांदी के सिक्के समेत लाखों का माल पार कर दिया। जब उनका पुत्र गाय को चारा देने के लिए घर आया तो घर का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने घर के लोगों को चोरी की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने घर में हुई चोरी की तहरीर थाना अछल्दा में दी है। एसओ अछल्दा शशांक राजपूत ने बताया कि घर में हुई चोरी की तहरीर मिली है। पुलिस जानकारी करने में जुटी हुई है। जल्द ही खुलासा होगा।
अछल्दा (औरैया)। घर के बाहर बंधी भैंस को चोर लोडर में लादकर चोरी कर ले गए। जब सुबह भैंस नहीं मिली तो चोरी की शिकायत की गई।
अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरवा पति निवासी भगवतदास यादव की तीन भैंस हैं। वह इनको घर के बाहर बांधता है और वहीं पर उसको चारा खिलाता था। मंगलवार की रात मौक़ा पाकर चोरों ने घर के बाहर बंधी तीन भैसों को खोल लिया और लोडर पर लाद कर ले गए। सुबह होने पर जब घर के बाहर भैंस नहीं दिखाई दी तो गांव इसकी जानकारी की गई लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद थाना अछल्दा में इसकी शिकायत की गई है।
-भागवत सुनने गया था पूरा परिवार
अमर उजाला ब्यूरो