उरई। कोतवाली में लगी बाबा साहब की प्रतिमा खंडित होने की सूचना पाकर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद बसपा और कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में ही आननफानन में मामूली रुप से खंडित प्रतिमा ठीक करा दी गई। सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि प्रतिमा की अंगुली का प्लास्टर टूटा था, जिसे ठीक करा दिया गया है। फिलहाल किसी तरह के विवाद और तनाव की स्थिति नहीं है।
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी के साथ पार्टी के कुछ कार्यकर्ता आंबेडकर चौराहे पर रामधुन कार्यक्रम के लिए पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बाबा साहब की प्रतिमा की अंगुली का प्लास्टर टूटा हुआ है और उस स्थान पर सिर्फ सरिया ही दिखाई दे रही है।
तत्काल जिलाध्यक्ष ने इसकी सूचना सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को दी। कुछ ही देर में कोतवाल और थाने की फोर्स की साथ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस बीच सूचना पाकर बसपा के जिलाध्यक्ष हीरालाल और पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि भी पहुंच गए। इन लोगों ने अधिकारियों से वार्ता भी की। इसके बाद तत्काल ही प्रतिमा को ठीक कराने का काम शुरू किया गया।
कुछ देर बाद प्रतिमा फिर से पहले ही जैसी नजर आने लगी। सीओ का कहना है कि हो सकता है कि किसी की शरारत हो सकती है, फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल प्रतिमा को लेकर किसी भी तरह का कोई तनाव नहीं है।
प्र्रशासनिक अधिकारियों ने आननफानन में ठीक कराई अंगुली
अमर उजाला ब्यूरो