औरैया। साइबर अपराधियों की चपेट में गेल के एक और अधिकारी आ गए हैं। अपराधियों ने उनके एटीएम का क्लोन बनाकर बैंक के खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए।
दिबियापुर थाने में मौजूद गेल के पाता संयंत्र में इंजीनियर रजनीश सिंह चौहान ने बताया कि 26 अक्तूबर को वह पत्नी को लेकर कानपुर गए थे। यहां एक एटीएम से पांच हजार रुपये निकाले। इलाज कराने के बाद दिबियापुर लौट आए। रात 11 बजकर 55 मिनट पर मोबाइल में पाता संयंत्र स्थित स्टेट बैंक की शाखा से 15 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। 11 बजकर 55 मिनट से 12 बजकर 5 मिनट के अंतराल में चार बार में 75 हजार रुपये खाते से निकाले गए। इस पर खाते से निकासी पर रोक लगवा दी। उन्होंने अंदेशा जताया कि उनके एटीएम का क्लोन बना कर पैसे निकाले गए हैं। अपराधी इतने शातिर किस्म थे कि उन्होंने मध्य रात्रि का समय चुना। इससे कि वह 26 व 27 तारीख में पैसे निकाल सकें। गेल अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया है।
वहीं 14 अक्तूबर को गेल पाता मानव संसाधन विभाग के मुख्य महाप्रबंधक पीके माटी के खाते से साइबर अपराधियों ने 40 हजार से अधिक रुपये पार कर दिए थे। इस मामले में दिबियापुर थाने में मामला दर्ज कराया गया था।
गेल के अधिकारी के खाते से निकाले 75 हजार
एटीएम का क्लोन बनाकर रात 12 बजे निकाले रुपये