कोंच। तीन दिन पहले लापता किशोर सुरक्षित अपने घर पहुंच गया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से किशोर को खोजने में सफलता पाई है। कोतवाल संतोष कुमार की मानें तो किशोर गुस्से में ही साइकिल से ही झांसी निकल गया था।
बता दें कि कोंच कस्बे के गांधीनगर निवासी राजाराम गौतम का पुत्र सचिन (14) 24 नवंबर को शाम लगभग चार बजे घर से साइकिल लेकर निकला था। इसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की लेकिन जब कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस को अनहोनी की आशंका जताकर सूचना दी।
सचिन के पिता ने बताया था कि बेटे के पास उसका मोबाइल भी है लेकिन वह बंद बता रहा है। हरकत में आई पुलिस ने सोमवार की सुबह सचिन को झांसी से बरामद कर सकुशल उसके घर पहुंचाया। बेटे को देखकर माता पिता की खुशी का ठिकाना नहीं था। रोते बिलखते परिजनों ने उसे गले से लगा लिया। कोतवाल का कहना है कि सचिन घर से क्यों भागा था, इसकी भी पूछताछ अभी की जाएगी।
फिलहाल उसकी बातों से लग रहा है कि वह घरवालों से ही किसी बात पर नाराज था। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने सचिन का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगवाया और सोमवार सुबह जैसे ही सचिन का मोबाइल खुला तो सर्विलांस टीम को उसकी लोकेशन झांसी मिली। पुलिस टीम के एसएसआई मनोज सिंह, एसआई रामकुमार सिंह चौहान सचिन के परिजनों को लेकर झांसी पहुंचे और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
-परिजनों से नाराज होकर निकला था
-सर्विलांस की मदद से बरामद हुआ
अमर उजाला ब्यूरो