अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)। झारखंड एक्सप्रेस में जहरखुरानी का शिकार हुआ प्रापर्टी डीलर जहरखुरानों को पकड़ने के लिए फफूंद रेलवे स्टेशन से पहले उतरा था। पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी देने पर उसके गले में पड़ी सोने की चेन एवं कानों में पहने सोने के कुंडल बच गए थे। जहरखुरानी का शिकार हुए व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी शिकायत आनंद विहार स्टेशन पर की थी। उसे फफूंद रेलवे स्टेशन पर अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया है।
गुरुवार को झारखंड एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा एक युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया था। ट्रेन से गिरकर चुटहिल होने की सूचना पर एंबुलेंस से उसे दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। अर्ध बेहोशी अवस्था में युवक ने अपना नाम उमेश सिंह निवासी सैदपुर दिवारा, छपरा बिहार बताया था। वह अपनी पत्नी को लेने दिल्ली स्थित ससुराल जा रहा था। उसी दिन पीड़ित से मोबाइल नंबर पूछकर अमर उजाला प्रतिनिधि ने पीड़ित की पत्नी सोनी को सूचना दी थी। रविवार को उमेश ने फोन कर अमर उजाला प्रतिनिधि को समय पर उनके परिवार को सूचना देने के लिए धन्यवाद दिया।
बताया कि उसका मोबाइल न मिलने के कारण परिजन परेशान थे। समय से सूचना मिलने के कारण परिजनों को परेशानी से निजात मिली। बताया कि वह झारखंड एक्सप्रेस के एस टू कोच में यात्रा कर रहा था। कानपुर से दो युवक उनके कोच में सवार हुए। फफूंद और कानपुर के बीच दोनों युवक कोल्ड ड्रिंक लेकर आए और उसे भी कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। पीड़ित को कुछ ही देर में बेहोशी छाने लगी। जेब में पड़ा मोबाइल, रुपये आरोपियों ने ले लिया। इसी दौरान जहरखुरानों ने उसके गले में पड़ी सोने की चेन पर हाथ लगाया। पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी तो आरोपी चेन पुलिंग कर फफूंद रेलवे स्टेशन से पहले उतर गए।
उसे नजर आया कि रेलवे ट्रैक पर दोनों युवक हैं। इसपर वह उतर गया। वह ट्रैक पर ही कई बार गिरा। इसके बाद उसे होश नहीं रहा।
दिबियापुर सीएचसी में उपचार मिलने के बाद जब उसे थोड़ा होश आया तो अस्पताल में बिना किसी को बताए रेलवे स्टेशन फफूंद पर आकर लेट गया। रेलवे स्टेशन पर ही किसी ने उससे पूछा कि कहां जाना है। दिल्ली जाने की बात कही तो उस व्यक्ति ने एक ट्रेन में बैठा दिया। ट्रेन में वह दोबारा लेट गया। बाद में दिल्ली में ट्रेन खड़ी होने पर वह उतर गया। बताया कि वह फिल्मों में विलेन का रोल कर चुका है। बताया कि उसने आनंद विहार स्टेशन पर जीआरपी में घटना की सूचना दे दी है। उसे फफूंद रेलवे स्टेशन पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।