औरैया। दिबियापुर के संजय नगर निवासी पूर्व दस्यु सुंदरी के भाई को लखनऊ की एसटीएफ पुलिस उठा ले गई। दस्यु सुंदरी ने पुलिस द्वारा उसके भाई का एनकाउंटर करने की आशंका जताते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री व पुलिस डीजीपी से न्याय की गुहार लगाई है।
संजय नगर निवासी पूर्व दस्यु सुंदरी सीमा परिहार के भाई रामवीर पुत्र सुजान सिंह को शुक्रवार की देर शाम लखनऊ की एसटीएफ उसके घर के बाहर से उठा ले गई। जानकारी होने पर पूर्व दस्यु सुंदरी ने थाने आकर अपने भाई की जानकारी की तो थाना पुलिस ने जानकारी होने से इंकार कर दिया। दस्यु सुंदरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री व डीजीपी सेे सोशल मीडिया के माध्यम से भाई के बारे में जानकारी की गुहार लगाई है। पुलिस कप्तान त्रिवेणी सिंह से फोन कर जानकारी ली। सीमा परिहार ने बताया कि पुलिस कप्तान ने बताया है कि लखनऊ की एसटीएफ पुलिस रामवीर को ले गई है।
दस्यु सुंदरी का कहना है कि उसके भाई पर जब कोई मामला नहीं था तो पुलिस क्यों उठा ले गई है। उसको जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है। पुलिस उसके भाई का एनकाउंटर करना चाहती है। 20 मई 2018 को भी पुलिस ने कानपुर देहात में कच्ची शराब से हुई मौतों के मामले में उसके भाई को उठाया था। बाद में पुलिस के उच्चधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद 21 मई की रात पुलिस उसके भाई को उसके घर छोड़ गई थी। तब भी उसके भाई के खिलाफ कोई मामला नहीं निकला था। दस्यु सुंदरी ने बताया कि 2006 में गाजियाबाद पुलिस किसी तरीके से उसके भाई रामकुमार को उठा ले गई थी। बाद में उसका एनकाउंटर कर दिया था।
-एनकाउंटर की आशंका जताई, सोशल मीडिया में मुख्यमंत्री से लगाई गोहार
अमर उजाला ब्यूरो