सिरसाकलार (उरई)। सरैनी गांव में खेत पर रखवाली कर रहे किसान पर जानलेवा हमला किया गया। किसान खेत पर बने ट्यूबवेल में सो रहा था तभी किसी ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। हमले में किसान मरणासन्न हो गया। किसान की चीख पुकार सुनकर आस पास मौजूद किसान दौड़ेे तो हमलावर भाग गए। परिजन आनन फानन में किसान को सीएचसी ले गए, जहां पर हालत नाजुक देख झांसी रेफर कर दिया गया। वहीं परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम सरैनी निवासी दयाराम पाल (70) शुक्रवार रात अपने खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। वह खेत पर बने ट्यूबवेल में खाट पर सो रहे थे। तभी देर रात करीब एक बजे किसी ने ट्यूबवेल में आकर कुल्हाड़ी से उसके सिर पर चेहरे पर प्रहार करना शुरू कर दिया। सिर पर कुल्हाड़ी लगने से दयाराम लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर ने उसे पीटना शुरू कर दिया।
दयाराम जब मरणासन्न हालत में हो गया तो हमलावर भाग निकला। उधर चीख पुकार की आवाज सुनकर आस पास खेतों में पानी लगा रहे किसान दौड़कर पहुंचे। दयाराम को खून से लथपथ हालत में देखकर उनके होश उड़ गए। किसानों ने तुरंत दयाराम के परिजनों को फोन पर सूचना दी। परिजन दौड़कर खेत के पास पहुंचे और आनन फानन में दयाराम को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर भी चिकित्सक ने हालत ज्यादा गंभीर बताते हुए मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया। परिजन दयाराम को लेकर झांसी चले गए, जहां इलाज जारी है। झांसी में चिकित्सक ने दयाराम की हालत खतरे से बाहर बताई है। उधर परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी है। थानाध्यक्ष का कहना है परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच शुरू की जाएगी। फिलहाल अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
कुल्हाड़ी से प्रहार कर किया मरणासन्न, हालत नाजुक
अमर उजाला ब्यूरो