कालपी। कानपुर से उरई आ रहे एक किशोर की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह डिब्बे के दरवाजे पर बैठा था, तभी झपकी आने से असंतुलित होकर गिरने से ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम खाखरी निवासी सत्यप्रकाश (15) पुत्र अरविंद कुमार शुक्रवार को किसी काम के चलते कानपुर गया था। वहां से देर रात वह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर गांव जाने के लिए उरई आ रहा था। ट्रेन के डिब्बे में भीड़ ज्यादा होने की वजह से वह दरवाजे पर पायदान पर ही पैर रखकर बैठ गया।
ट्रेन जब कालपी के उसरगांव के पास पहुंची तो अचानक सत्यप्रकाश को झपकी आ गई और वह असंतुलित होकर ट्रेन से गिर पड़ा। ट्रेन के पहियों की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके गिरते ही डिब्बे में हड़कंप मच गया। गैंगमैन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए सत्यप्रकाश के परिजनों को भी सूचना दी।
डिब्बे में भीड़ अधिक होने पर दरवाजे पर गया था बैठ
कालपी के उसरगांव के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो