अमर उजाला ब्यूरो
बिधूना(औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के बिधूना-अछल्दा रोड़ स्थित विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय में शनिवार रात चोरो ने मेनगेट की कुंडी काटकर लगभग 2 लाख रुपये का माल पर कर दिया। कुछ दिन पहले इसी कार्यालय से 18 लाख रुपयों की लूट भी हो चुकी है। सूचना पर सीओ व कोतवाली प्रभारी विद्युत कार्यालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसडीओ ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसडीओ मुकेश कटियार ने कोतवाली मेें दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि वह शनिवार को इटावा थे, बिलिंग लिपिक एवं आसपास के रहने वालों ने उन्हें चोरी की सूचना दी। जिस पर वह उपकेंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय में शनिवार रात चोरों ने कुंडी काट चोरी कर ली।
उन्होंने बताया कि चोरों ने कार्यालय में लगे चार कंप्यूटर, दो प्रिंटर, एक इंर्वटर, दो बैटरी, एक बीएसएनएल का मॉडम, एक पंखा सहित लगभग दो लाख रुपये का समान पार कर दिया। वहीं, चोरी के सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भास्कर वर्मा व कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा भी मौके पर पहुुंचे। उन्होंने मौजूद लोगों से घटना की जानकारी लेते हुए जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मई माह में इसी कार्यालय से 18 लाख रुपयों की लूट दिन दहाडे़ हो चुकी है। इस संबंध में सीओ भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।