अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के ग्राम गासीपुर में शनिवार रात चोरों ने एक किसान के घर से दो बक्से पार कर दिए। बगिया में ले जाकर इन बक्सों में रखे 50 हजार नगद और 50 हजार कीमत के जेवर चोरों ने पार कर दिए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित ने अभी तक थाने में चोरी की तहरीर नहीं दी है।
थाना क्षेत्र के गासीपुर गांव में किसान मेहरबान सिंह पुत्र मोहनलाल सिंह का मकान है। शनिवार रात को उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था। तभी चोर घर में घुस आए और दो बक्सो को उठाकर ले गए। पीड़ित सर्वेश कुमारी ने बताया कि जब वह सुबह सोकर उठी तो बक्से गायब देखकर होश उड़ गए। घर के बाहर आकर तलाश की तो बक्से पास की बगिया में खाली मिले। उन्होंने बताया कि बक्सों में 50 हजार रुपये नगद, एक अंगूठी और जंजीर रखी थी। चोर सबकुछ ले गए। चोरी की सूचना अछल्दा थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसआई देवेंद्र प्रताप सिंह और फोरेसिंक विभाग की टीम ने जांच की। एसआई देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक गृह स्वामी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पूछताछ जारी है। चोरी करने वाले आसपास के लोग ही प्रतीत हो रहे हैं।