अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)। गेल गैस पाइप लाइन बिछा रहे कर्मचारियों के साथ शनिवार की रात बदमाशों ने मारपीट और लूटपाट की। जेसीबी आपरेटर के कंधे पर दो बैट्रियां भी लदवाकर गांव तक ले गए।
औैरैया फूलपुर पाइप लाइन परियोजना में काम करने वाली कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड कंपनी के अधिकारी ओमकर्नी ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि कंचौसी से ककोर जाने वाले मार्ग पर स्थित गांव चमरौआ में गेल गैस पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य चल रहा है।
वहां पर शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे चार लोग लाठी और डंडा लेकर आए और आपरेटर शत्रुघ्न गुप्ता निवासी गोरखपुर, जेसीबी आपरेटर जीतू निवासी औरैया, ट्रेलर आपरेटर पुष्पेंद्र कुमार निवासी अकबरपुर कानपुर देहात, एक और कर्मचारी के साथ मारपीट की।
कर्मचारियों से मोबाइल व नकदी लूट ली। जाते समय आपरेटरों के कंधों पर बैटरी रखवाकर ले गए। चारों बदमाश अजमतपुर गांव की ओर चले गए।
इस संबंध में एसआई विश्व प्रकाश यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना का जल्द ही खुलासा हो जाएगा।
इस संबंध में गेल गैस पाइप लाइन प्रोजेक्ट के चीफ मैनेजर कंस्ट्रक्शन विवेक चंद्र सारस्वत का कहना है कि 24 इंच की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसका काम कल्पतरु को दिया गया है। पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकीं हैं। पुलिस सख्त कार्रवाई करे। ताकि कर्मियों में व्याप्त भय दूर हो सके।