औरैया। एक युवक ने न्यायालय के आदेश पर एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी कर नौकरी लगवाने के नाम पर हजारों रुपये ठगने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला ब्रह्मनगर निवासी अनुज पांडे ने न्यायालय के आदेश पर कोतवाली में मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी मधु मिश्रा के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में अनुज पांडेय ने बताया कि सात अक्तूबर 2017 को मधु मिश्रा ने उससे फोन पर बात करते हुए केंद्रीय सचिवालय में अच्छी जान पहचान होने का हवाला देकर नौकरी लगवाने की बात कही थी। मधु ने टोकन मनी के रूप में 40 हजार रुपये पंजाब नेशनल बैंक के बताए गए एकाउंट नंबर में डालने को कहा। इस पर उसने धनराशि खाता नंबर में डाल दी। रुपये पहुंचने के बाद उसकी महिला मित्र मधु मिश्रा ने नौकरी नहीं लगवाई। जब भी वह मिलता तो मधु उसे कुछ न कुछ बहाना बनाकर टाल देती थीं। कई बार पैसे मांगे तो मधु आनाकानी करने लगी। कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज करने को तहरीर दी तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर महिला के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज करने की कार्रवाई की है।