आटा। आटा थाना क्षेत्र में स्थित सधारा पावर प्लांट में सौर ऊर्जा की प्लेटें चोरी होने के मामले में सीओ कालपी सुबोध गौतम ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाकर थानाध्यक्ष को जल्द से जल्द इनकी गिरफ्तारी के लिए कहा है। एक दिन पूर्व पावर प्लांट से चोरों ने सौर ऊर्जा प्लेटें चोरी कर ली थी।
बता दें कि शुक्रवार की रात चोरों ने आटा थाना क्षेत्र में स्थित सधारा पावर प्लांट में धावा बोल कर दस कीमती सौर ऊर्जा प्लेटें चोरी कर ली थीं। पावर प्लांट की देखरेख में लगे मनीष कुमार पुत्र अरुण कुमार निवासी वैशाली ने थाने में चोरी की तहरीर दी थी।
रविवार की सुबह सीओ कालपी ने पावर प्लांट पहुंच कर निरीक्षण किया और कर्मचारियों से चोरी के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद संदेह के आधार पर राजदेव, प्रदीप सिंह, सुनील कुमार, अनूप सिंह व लक्ष्मण सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। आटा थानाध्यक्ष सुनील कुमार तिवारी ने सीओ के निर्देश पर उक्त लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
135 एकड़ में फैले पावर प्लांट की रखवाली करते हैं छह लोग
यह पावर प्लांट आटा क्षेत्र में 135 एकड़ में फैला हुआ है। इस पावर प्लांट को 56 करोड़ की लागत से तैयार कराया गया था। लेकिन इतनी लागत के हिसाब से देखे तो इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी के लिए लगाए गए कर्मचारी काफी कम है। वर्तमान में छह सुरक्षा कर्मचारी पावर प्लांट में तैनात है। जो काफी दूर दूर तक फैले हुए है। दो कर्मचारियों के बीच इतना फासला हो जाता है कि कोई भी सेंध मार सकता है। इसके चलते और कर्मचारियों की मांग निरंतर की जा रही है।
-आटा क्षेत्र स्थित सधारा पावर प्लांट से 10 सोलर प्लेटें हो गई थी चोरी
-सीओ ने मौके का निरीक्षण कर कराई रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो