अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। फफूंद क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी व्यक्ति ने फर्जी हस्ताक्षर से भाई की जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। बताया कि विरोध करने पर दबंग धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दौलतपुर निवासी गिरीश कुमार ने तहरीर में बताया कि उसका भाई रामबाबू मानसिक रूप से कमजोर है। यशपाल, सतीश, महेश, रमाकांत व रामनरेश ने इसका फायदा उठाते हुए उसके फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन के कागजात तैयार कराकर औरैया रजिस्ट्रार कार्यालय जाकर फर्जी दस्तावेजों से जमीन का बैनामा करा लिया। जानकारी होने पर विरोध किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बताया कि उसके भाई को सोचने समझने की क्षमता भी नहीं है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष अनिल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।