औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निगड़ा निवासी एक विवाहिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई। तहरीर में पीड़िता ने कार व दो बीघा जमीन की मांग पूरी न करने पर ससुरालीजनों द्वारा प्रताड़ित करने व मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्राम निगड़ा निवासी अंजुम खान पत्नी अंसार खान उर्फ बबलू पुत्री शहनवाज खान ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार कानपुर देहात के थाना डेरापुर के ग्राम दलेलनगर निवासी नत्थू खां के पुत्र सलीम उर्फ लल्ली से जुलाई 2017 में हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने निकाह में मेहर 51 हजार 786 रुपये तय कर दहेज में ढाई लाख रुपये के जेवर व गृहस्थी का सामान के अलावा फलदान में 51 हजार रुपये नगद दिए थे। शादी के बाद कुछ महीने तो सब ठीक रहा, लेकिन फिर उसके ससुरालीजन उस पर मायके से कार व दो बीघा जमीन लाने का दबाव बनाकर प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि शादी के 15 दिन के बाद उसके पिता की मौत हो गई। इसके बाद भी उसके ससुरालीजनों द्वारा उससे अतिरिक्त दहेज के रूप में एक बोलेरो व दो बीघा जमीन की मांग की। बताया कि उसने ससुरालीजनों द्वारा की जा रही मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई। इस पर उसके ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है।