हनुमान मंदिर के पुजारी को धमकी
- मंदिर के चढ़ावे से प्रतिमाह पांच हजार रुपये देन की मांग
- पुजारी की तहरीर पर चार आरोपियों पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बिधूना (औरैया)। हनुमान मंदिर के पुजारी को इलाके के चार दबंगों ने धमकी दी है। पुजारी का कहना है कि आरोपियों ने उससे कहाकि मंदिर में चढ़ने वाले चढ़ावे से प्रतिमाह पांच हजार रुपये दो वरना तुमको जान से मार देंगे। पुजारी की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बिधूना- रामगढ़ मार्ग पर भसौरा पुल के पास स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी धर्मदास ने इस संबंध में रविवार पुलिस को तहरीर दी। धर्मदास ने बताया कि गांव भसौरा निवासी सुरेंद्र सिंह, जोर सिंह ,रामू तथा रवि सिंह दो दिन पहले मंदिर में बने उनके आश्रम में आए। इन लोगों ने लाठी डंडा व लात- घूसों से उनकी पिटाई की। इसके बाद मंदिर की गोलक में चढ़ावा के रखे रुपये निकाल लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए कहाकि चढ़ावे की रकम से प्रतिमाह पांच हजार रुपये उन्हें दिए जाएं। उनकी बात न मानने पर उसको जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने पीड़ित पुजारी की तहरीर पर चारों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। उधर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।