कालपी। कोतवाली क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आधा दर्जन से अधिक बदमाशों के चहलकदमी की खबर मिल रही है। ग्रामीणों के अनुसार बदमाश असलहों से लैस बताए जा रहे हैं। रविवार को बदमाशों को दिन में तीन बजे कालिया स्थान के सामने के जंगल में देखा गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची पर बदमाश नहीं मिले। इसके पूर्व बदमाशों को रायड़ दिवारा के जंगल में भी देखा गया था।
पिछले लगभग तीन चार दिन से कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों को असलहों से लैस जंगल के आसपास देखे जाने की खबर है। रविवार को लगभग आधा दर्जन बदमाश कालिया स्थान के सामने के जंगल में देखे गए। बताया जाता है यह बदमाश दो रायफ लें व तमंचा आदि भी लिए थे। लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी इसकी सूचना दी।
जानकारी पर एसआई शीतला प्रसाद मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश जंगल में अंदर की ओर चले गए थे। मालूम हो कि इससे पूर्व बदमाशों को रायड़ दिवारा के जंगल में भी देखे जाने की पुष्टि चरवाहों ने की है।
चरवाहों के मुताबिक यह बदमाश जंगल के आसपास के नलकूपों में रात को शरण लेते हैं और सुबह जंगल में निकल जाते हैं। बोलचाल के हिसाब से बदमाश बाहरी बताए जा रहे हैं। एसआई शीतला प्रसाद मिश्रा ने बताया कि बदमाशों की सूचना मिली थी पर मौके पर पहुंचने पर वहां कोई नहीं मिला है।
पुलिस को कालिया स्थान पर मिली थी बदमाशों की सूचना
रायड़ दिवारा के जंगल में भी देखे जा चुके हैं बदमाश
अमर उजाला ब्यूरो