ककोर (औरैया)। सहायल थाना क्षेत्र में मीरपुर निवासी पीड़िता ने ककोर स्थित एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी से ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की गुहार लगाई। पीड़िता ने अतिरिक्त दहेज में तीन लाख रुपये न देने पर ससुरालीजनों के मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है।
अनामिका पुत्री शिवपाल निवासी मीरपुर ने एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी 2016 में मैनपुरी जिले के ग्राम बरौलिया निवासी सुमित यादव पुत्र जुगेंद्र सिंह के साथ हुई थी। पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया था। पति सुमित यादव, सास निर्मला देवी, ससुर जुगेंद्र, जेठ राजीव उर्फ राजू, जेठानी अरुणा देवी, देवर सुचित कुमार दहेज से संतुष्ट नहीं थे। इन्होंने तीन लाख रुपये अतिरिक्त दहेज के रूप में मायके से लाने की मांग की। चौथी की विदा के बाद पति अपने साथ दिल्ली ले गया। इस दौरान वह गर्भवती हुई। पति ने शराब के नशे में मारपीट के दौरान उसके पेट में लात मार दी। इससे उसका गर्भपात हो गया। पति ने उसी दिन रात में मारपीट कर दिल्ली से भगा दिया। वह किसी तरह पिता के घर पहुंची। पिता ने इलाज कराया।
ससुरालीजनों ने घर पहुंचकर अपनी गलती मानी। इस पर विदा कर दी गई। 15 अक्तूबर को ससुरालीजनों ने जेवर व कपड़े छीनकर मारपीट कर घर से भगा दिया। वह फिर से पिता के घर आ गई। 21 अक्तूबर को पति समेत ससुरालीजनों के अलावा मध्यस्थ राम सिंह पुत्र सूबेदार निवासी मीरपुर घर आए। यह तीन लाख रुपये की व्यवस्था करने का दबाव बनाने लगे। पिता ने मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई तो मारपीट की गई। घर में मौजूद माता-पिता व भाइयों ने उसे बचाया। वह मामला दर्ज कराने सहायल थाने पहुंची तो पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की।
दहेज में तीन लाख रुपये न देने पर घर से निकाला
पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार