उरई। कुठौंद से पिकअप चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह लोग सवारी बनकर पिकअप में बैठे और चालक के किसी काम से उतरकर जाते ही पिकअप लेकर भाग निकले थे। पुलिस लाइन में एसपी अमरेंद्र सिंह ने मामले का खुलासा कर बताया कि दो पिकअप बरामद की गईं, एक चोरी गई थी और दूसरी पिकअप जिसमें चोरी गई पिकअप का सामान डाला गया था। एक तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने पिकप चोरी करने वाले चारों आरोपियों पर कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि तीन फरवरी को पिकअप का चालक असलम पुत्र नवाब अली निवासी सूखमपुर थाना दिबियापुर जिला औरैया उरई में कुछ सामान लेने आया था। भाड़ा लाने वाले भी उसके साथ ही आए थे। उरई से सामान लाद कर वह लौट रहा था कि कुठौंद थाना क्षेत्र स्थित यमुना नदी के पुल के पहले वह बोलेरो रोक कर लघुशंका करने लगा तभी पिकअप में बैठे लोग उसे चकमा देकर पिकअप लेकर भाग निकले थे।
चालक की तहरीर पर पुलिस ने पिकप लूट की रिपोर्ट दर्ज की थी। गुरुवार सुबह कुठौंद थाना पुलिस को मुखबिर से चोरों के बारे में सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मुखबिर के बताए अनुसार कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम नौरेजपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल के मैदान में दबिश दी। पुलिस ने यहां पर दो पिकअप खड़ी पाईं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों पिकअप में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया और पिकप कब्जे में ले ली।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष पाल पुत्र अमर सिंह उर्फ डॉक्टर निवासी ग्राम गुड़ाखास थाना कालपी, मुनेश दोहरे पुत्र स्व. श्रीराम निवासी ग्राम गिगौरा थाना सिरसा कलार, अहिबरन सिंह पुत्र जयराम पाल व पंकज यादव पुत्र महादेव निवासीगण ग्राम निपनिया थाना सिरसा कलार के रूप में हुई है। दोपहर में पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि चोरी गई पिकअप बरामद हो गई है साथ ही एक अन्य पिकअप भी बरामद हुई है। चोरी गई पिकप की बैटरी, डेक्सबोर्ड व स्टेपनी आदि को इस दूसरी वाली पिकअप में डाल दिया गया था। इसके अलावा आरोपियों को एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी मिले है। पुलिस ने इन चारों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में कुठौंद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, स्वाट व सर्विलांस टीम प्रभारी मतीन खान, एसआई कमल प्रताप सिंह, दौलतराम शाक्य, सिपाही रवि भदौरिया समेत कुठौंद थाने व स्वाट टीम के सिपाही शामिल रहे।
कुठौंद के यमुना नदी पुल के पास से चोरी कर ले गए थे
पुलिस ने चोरी गई पिकप का सामान बदलने में एक पिकप और पकड़ी
अमर उजाला ब्यूरो