अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ से आजिज दो छात्राओं ने कालेज जाना ही बंद कर दिया। सोमवार को परिजनों संग कोतवाली पहुंचीं इन छात्राओं ने तहरीर देकर शोहदों के आतंक से मुक्ति की गुहार लगाई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
इंटर की ये दोनों छात्राएं गांव से कुछ दूर एक कालेज में पढ़ती हैं। दोनों एक साथ ही कालेज जाती हैं। सोमवार को परिजनों के साथ कोतवाल से मिली इन छात्राओं ने बताया कि कालेज जाते समय रास्ते में गांव का ही एक युवक उन दोनों को परेशान करता है। शनिवार को तो युवक ने दुस्साहस करके एक छात्रा को पकड़ भी लिया। सहेली ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े तब युवक भाग निकला। छात्राएं दहशत में कालेज नहीं गई। घर आकर परिजनों को पूरी घटना सुनाई। कहा कि तब तक कालेज नहीं जाएंगी, जब तक शोहदों के आतंक से छुटकारा नहीं मिल जाएगा।
कोतवाली पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, युवक ने पुलिस को बताया कि गांव के लोग उसे राजनीति का शिकार बना रहे हैं। उसने ऐसा कोई काम नहीं किया। युवक भी स्नातक का छात्र है। कोतवाल अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। सत्यता पाई जाने पर कार्रवाई की जाएगी।