औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैगंबरपुर के बीहड़ में एक सप्ताह पहले पुलिस ने पेड़ से लटका एक युवक का शव बरामद किया था। पोस्टमार्टम के बाद आई रिपोर्ट में युवक की मौत गला दबाकर होने से आने पर पुलिस पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। इस मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर रखा है।
इटावा जिले के थाना लवेदी के ग्राम सांवला निवासी मनीष (24) पुत्र रघुवीर सिंह का शव पुलिस ने गत 16 अगस्त को पैगंबरपुर के जंगल में पेड़ से झूलता बरामद किया था। इस मामले में मृतक मनीष के पिता रघुवीर सिंह ने जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस को पुत्र के द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात नकारते हुए उसकी हत्या करने की बात कही थी। जिसमें उन्होंने ग्राम सांवला निवासी सुरेश, जितेंद्र कुमार, वीर सिंह व होम सिंह के खिलाफ पुत्र की हत्या किए जाने का मामला दर्ज कराया था। इस प्रकरण में कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाया जाना आया है। ऐसे में मामला पूरी तरह से संदिग्ध हो गया है। बताया कि पहले इस प्रकरण की जांच प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत होने की स्थिति में की जा रही थी लेकिन अब मामला हत्या का समझ में आ रहा है। इस कारण से इस पूरे मामले को दोनों स्थितियों से जांच की जा रही है। बताया कि जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।