अयाना। शहीद स्मारक न हटाने से नाराज परिवार के तीन सदस्यों ने घर में घुसकर शहीद फौजी की पत्नी व भाई व उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। घर में सामान तोड़फोड़ के साथ दबंगों ने पीड़िता के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए फायर झोंक दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों की तलाश शुरू की।
अयाना थाना क्षेत्र के तिवर-लालपुर निवासी स्नेहलता ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके पति विनोद कुमार सेना में थे। उनके शहीद होने के बाद उसने अपने खेत में शहीद स्मारक बनवाया था। परिवार के अरवेश कुमार स्मारक के चबूतरे की जमीन को अपना बता कर हटाने की कहते हैं।
गुरुवार शाम को वे पति के स्मारक पर र्गइं थीं। वह भी वहां पहुंच गया और गाली-गलौज की। शुक्रवार सुबह वह घर में काम कर रही थी, तभी अरवेश कुमार अपने बेटे कुनाल व अमन दीक्षित के साथ घर में घुस आया। आरोपी घर में तोड़फोड़ की।
विरोध करने पर आरोपी उसके बचाने आए देवर रामअवतार, देवरानी ऊषा के साथ भी मारपीट की। पड़ोसियों को आता देखकर मारपीट करने वाले जान से मारने की धमकी देकर भागने लगे। आरोप है कि भागते समय अरवेश ने तमंचे से फायर कर दिया जो मिस हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी अयाना में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने स्नेहलता की हालत को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।