अछल्दा (औरैया)। बीरपुर गांव में एक मकान से चोर नगदी व जेवर समेत लाखों का माल पार कर ले गए। परिवार के लोगों को मंगलवार सुबह चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने अछल्दा थाने में चोरी की तहरीर दी है।
अछल्दा थानाक्षेत्र के बीरपुर गांव निवासी राहुल ठाकुर ने बताया कि सोमवार की रात वह गांव के बाहर बने अपने मुर्गी फार्म पर थे, जबकि मकान में मां और पत्नी बच्चों के साथ लेटी थीं। रात में चोर मकान की बाउंड्री फांदकर अंदर घुस आए।
चोर मकान के अंदर रखी सेफ से 70 हजार रुपये व जेवर चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।