अजीतमल। एक गांव की पांच साल की बच्ची से युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया है। कस्बा निवासी महिला ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि पति की मौत के बाद वह अपनी विवाहिता पुत्री व उसके बच्चों को अपने साथ रखती है।
उसकी पुत्री की पांच वर्षीय नातिन 27 दिसंबर की शाम घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि गांव का ही एक युवक उसकी पांच साल की नातिन को अकेला पाकर सरसों के खेत में उठा ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के चीखने पर खेतों पर काम कर रहे लोग आ गए। लोगों को आता देख आरोपी भाग निकला।
पीड़िता ने बताया कि जब वह उलाहना देने गई तो आरोपी कुल्हाड़ी लेकर उसके घर पर आ गया और मारपीट पर आमादा हो गया। लोगों के आने पर वह भाग निकला। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी जीतू राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।