औरैया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य ने विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी व दूसरे विद्यालय के सहायक अध्यापक के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में एरवाकटरा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
एरवाकटरा थाना क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्य पायल जैन (निवासी महाजनान थाना कुरावली मैनपुरी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उनके विद्यालय का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रविंद्र तिवारी (निवासी रामनगर थाना उसराहार जिला इटावा) ने उनके साथ सरकारी कार्य करने के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया। हाथ पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। चतुर्थ श्रेणी कर्मी के इस कार्य में उसके रिश्तेदार एक विद्यालय में सहायक अध्यापक मोहित तिवारी ने रविंद्र का इस कार्य में साथ दिया। एरवाकटरा थाना प्रभारी रामसहाय पटेल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।