औरैया। बेला थाना क्षेत्र के कसबा याकूबपुर निवासी विवाहिता ने महिला थाना में तहरीर देकर पति समेत तीन ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें विवाहिता ने कार की मांग पूरी न करने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कसबा याकूबपुर निवासी रुचि राजपूत पुत्री रामपाल वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि उसकी शादी जनवरी 2015 में बेला थाना क्षेत्र के गांव ककरैया पिपरौली शिव निवासी राजेश कुमार राजपूत से हुई थी। शादी में मायके वालों ने क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया था। शादी के कुछ ही महीने के बाद से ही ससुरालीजन कार की मांग पूरी करने के लिए दबाव बनाने लगे। पीड़िता ने बताया कि इस पर उसने सब कुछ सहते हुए ससुराल में ही अपना जीवन गुजर-बसर करने की ठानी। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस बीच उसके एक पुत्री पैदा हुई। पीड़िता ने बताया कि ससुरालीजनों की ओर से समय-समय पर रुपयों की मांग की जाती रही। जिस पर उसने अपनी बहन, पिता व भाई से लगभग सवा लाख रुपये दिलाए। इसके बाद भी ससुरालीजनों के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस बीच उसके पति के कानपुर में रहने वाली एक महिला से अनैतिक संबंध हो गए। जिस पर उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगा। ससुरालीजनों ने 16 अप्रैल को मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति राजेश कुमार राजपूत, सास मुन्नी देवी व देवर विपिन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।