औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गोविंद नगर में सोमवार देर रात महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे भाई ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोविंद नगर निवासी पूनम (35) पत्नी जितेंद्र कुमार दीक्षित की सोमवार देर रात मौत होने की सूचना पड़ोसियों ने मायके पक्ष के लोगों को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। मृतका के भाई फफूंद थाना क्षेत्र के गांव बरौआ निवासी पवन कुमार ने कोतवाली पुलिस को सुबह बहन की हत्या किए जाने की सूचना दी। मृतका का पति लोडर चलाता है।
पुलिस ने मौके से मृतका के पति जितेंद्र को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। मृतका के भाई पवन ने बताया कि उसकी बहन की शादी 13 साल पहले मोहल्ला गोविंद नगर निवासी जितेंद्र कुमार दीक्षित के साथ हुई थी। पवन ने बताया कि बहन को ससुराली आए दिन पीटते थे। सोमवार देर रात उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के एक 12 साल की बेटी भी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।