औरैया। शहर के दिबियापुर रोड पर एक घर से बरामद किए गए लाखों रुपये के नकली मोबिल ऑयल के मामले में अभी तक मास्टर माइंड पुलिस की पकड़ से दूर है। तीन माह बीतने के बाद पुलिस खाली हाथ है।
स्वॉट टीम ने दिबियापुर रोड पर एक महाविद्यालय के पीछे गोदाम पर छापामारी की थी। यहां से पुलिस ने विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के नाम से तैयार नकली मोबिल ऑयल बरामद किया था। ऑयल बनाने की मशीन भी बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार बरामद मोबिल ऑयल की कीमत लगभग 25 लाख रुपये थी। इस प्रकरण में पुलिस ने मौके से कर्मचारी सतेंद्र निवासी गांव चिरैयापुर व लोडर चालक जावेद निवासी गांव शहबदिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि नकली मोबिल ऑयल बनाने वाला मास्टर माइंड फफूंद निवासी ओमनरेश चक फरार हो गया था। पूरे प्रकरण में पुलिस तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी मास्टर माइंड को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
उधर, सीओ सिटी सुरेंद्र यादव का कहना है कि फरार आरोपी ओमनरेश चक के खिलाफ कोर्ट से एनबीडब्ल्यू की कार्रवाई की गई है। यदि वह जल्द पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।