फफूंद (औरैया)। पत्नी के शराब के लिए पैसे न देने से नाराज होकर सोमवार शाम युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बे के मोहल्ला लोधीयान निवासी पप्पू प्रजापति (35) चाट का ठेला लगाता था। परिजनों के मुताबिक वह शराब का लती था। इसके कारण घर में विवाद होता था। सोमवार शाम को वह बाजार से घर पहुंचा और पत्नी गुड्ड़ी से शराब के लिए पैसे मांगने लगा।
पत्नी ने जब आर्थिक तंगी का हवाला देकर पैसे देने से मना किया तो पप्पू ने जान देने की धमकी दी। इस पर पत्नी बच्चों को लेकर आंगन में सोने चली गई। पप्पू कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह पप्पू का शव कमरे के अंदर कुंडे से लटकता देखकर गुड्डी के होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी एसके तिवारी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि दंपती के बीच शराब के पैसे देने को लेकर विवाद हुआ था। जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।