बेला(औरैया)। म्यूचुअल फंड के नाम पर 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गुजरात पुलिस ले गई। प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि आरोपी नारायण ऑनलाइन ठगी का मुख्य आरोपी था, जिसे गिरफ्तार किया गया है।
गुजरात के जिला जामनगर शहर के खिजड़ा मंदिर खंभालीया गेट निवासी श्रीकृष्ण से म्यूचुअल फंड के माध्यम से छह माह में तीन गुना रकम करने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में पीड़ित ने जामनगर थाने में पांच अगस्त 2020 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट में बताया कि औरैया के बेला थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी नारायण 2019 में शाजिया नाम की एक लड़की के साथ उसके घर पर बतौर किरायेदार रहने आया था। उसने स्वयं को कृषि विभाग में सेवारत होना बताया था। म्यूचुअल फंड के माध्यम से चार माह में रकम दो गुनी तथा छह माह में तीन गुनी करने का झांसा दिया। 28 लाख 28 हजार रुपये उसने आरोपी के खाते में नेट बैंकिंग से ट्रांसफर कर दिए। छह माह बाद रुपये के बारे में पूछताछ करने पर वह टाल मटोल करने लगा। ज्यादा दबाव डालने पर पांच लाख रुपये का एक चेक देकर भाग आया।
कुछ दिनों बाद 15 जनवरी 2020 को दी गयी पांच लाख की चेक भी बाउंस हो गया।
जामनगर पुलिस को सूचना दी। अभियोग दर्ज करने के बाद तफ्तीश करते हुए उपनिरीक्षक जामनगर एच ए वर्मा, अरशद, विनोद जादव, अनिल जिलारिया थाना बेला आए। थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह के सहयोग से बुधवार रात दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जामनगर पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।