फफूंद (औरैया)। गांव सल्हापुर में सोमवार को पानी भरे टब में डूबने से 13 महीने के बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सीआरपीएफ में तैनात पिता इन दिनों छुट्टी पर घर आए थे, पहली जनवरी को उन्हें ड्यूटी पर लौटना था। सोमवार को वह ट्रेन का रिजर्वेशन कराने गए थे, लौटकर आने पर बेटे की मौत की सूचना मिली।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सल्हापुर निवासी सीआरपीएफ जवान इंदल बाबू दोहरे की तैनाती उड़ीसा में है। वह 13 नवंबर को छुट्टी पर आए थे। एक जनवरी को जाना है। सोमवार को दिबियापुर ट्रेन का रिजर्वेशन कराने गए थे। घर में पत्नी सिरंगी देवी बच्चों सात साल की शालिनी व चार साल के आयुष और 13 महीने के आर्यन के साथ थी।
वह शाम को घर के आंगन में कपड़े धोने लगी। इसके बाद छत पर कपड़े फैलाने गई तभी छोटा बेटा आर्यन बाथरूम में चला गया। और पानी भरे टब में गिर गया। कुछ देर बाद नीचे आंगन में आई सिरंगी ने बाथरूम में देखा तो आर्यन पानी भरे टब में था।
आनन फानन घर के लोग उसे लेकर दिबियापुर के एक निजी अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के वक्त मासूम का पिता ड्यूटी पर वापस जाने के लिए रिजर्वेशन कराने दिबियापुर गया था। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार दोपहर उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।