दिबियापुर (औरैया)। ड्राइवर की हत्या और ट्रक लूटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वर्ष 2007 में दिबियापुर औरैया मार्ग पर एक टायरों से भरे ट्रक के चालक की हत्या कर लुटेरों ने ट्रक लूट लिया था। इस मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
थाना पुलिस के अनुसार इस मामले में 13-14 लुटेरों के नाम संज्ञान में आए थे। इनमें से अधिकतर लुटेरे या तो पकड़े गए या फिर न्यायालय में हाजिर हो गए। वर्ष 2008 में दिबियापुर पुलिस ने लुटेरों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल के अनुसार एक लुटेरा मोहम्मद मुस्ताक पुत्र इकबाल निवासी शेखूपुर थाना बहेड़ी जिला बरेली गैंगस्टर लगने के बाद न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहा था। इसके चलते आरोपी के खिलाफ न्यायालय ने कुर्की के आदेश के साथ गैरजमानती (नॉन बेलेबल) वारंट जारी किया था।
लंबे समय से फरार होने के कारण आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उपनिरीक्षक प्रमोद सागर, कांस्टेबल प्रेमवीर, कांस्टेबल मनवीर ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को बस स्टैंड दिबियापुर से गिरफ्तार कर लिया।