औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में शहीद पार्क के पास स्थित एक दुकान से चोरों ने शटर के ताले तोड़कर नकदी समेत 50 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। सुबह दुकान पहुंचने पर व्यापारी को घटना की जानकारी हुई। व्यापारी मोहित पोरवाल की शहीद पार्क के पास नमक व तेल की दुकान है।
रोज की भांति मंगलवार को शाम वह अपनी दुकान बंद करके घर चला गया। बुधवार की सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा। तो शटर के ताले टूटे मिले। इस पर उसने अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। तथा गोलक से रेजगारी गायब थी।
पीड़ित व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उधर चोरी की जानकारी होते ही व्यापारी नेता राजेश बाजपेई, अमर विश्नोई सहित अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने व्यापारी की दुकान से हुई चोरी की घटना को लेकर पुलिस से आक्रोश जताया। इस मामले में पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को मामला दर्ज करने को तहरीर दी है। (संवाद)