औरैया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गायत्री नगर में बुधवार की रात चोरों ने बीएसएफ जवान के बंद घर से कई लाख के जेवर व बंदूक पार कर दी। घर के पीछे एक प्लाट में खाली बक्सा व जेवर के खाली डिब्बे मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। शक के आधार पर डेरा डाले खानाबदोशों के यहां भी चेकिंग की।
मोहल्ला गायत्री नगर निवासी महेश कुमार पुत्र श्याम लाल चंडीगढ़ में बीएसएफ में तैनात हैं। बुधवार की रात बंद मकान के मुख्य गेट पर ताला तोड़कर चोर दाखिल हुए। कमरों के ताले तोड़कर बक्से के अंदर रखी लाइसेंसी बंदूक के अलावा अलमारियों के अंदर रखे लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए।
सुबह ताला टूटा देख कर पड़ोसी ने मकान के ऊपरी मंजिल में किरायेदार अछल्दा में तैनात सिपाही संजय बाबू को फोन पर जानकारी दी। सिपाही ने संजय ने कोतवाली पुलिस और इसके बाद महेश कुमार को चंडीगढ़ फोन करके वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महेश कुमार चंडीगढ़ से औरैया के लिए चल दिए हैं। सिपाही संजय बाबू ने बताया कि महेश कुमार 20 नवंबर को परिवार समेत चंडीगढ़ चले गए थे। बुधवार की शाम ताला लगाकर अछल्दा ड्यूटी करने गया था।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कोतवाली संजय कुमार पांडेय व एसओजी प्रभारी आलोक दुबे ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर छानबीन की। सर्विलांस और डॉग स्क्वॉड ने भी छानबीन की। इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने घटना स्थल से थोड़ी ही दूर खाली प्लाटों में अपना तंबू लगाए रह रहे खानाबदोश लोगों से पूछताछ की। यहां से पुलिस दो-तीन लोगों को हिरासत मेें लेकर पूछताछ कर रही है।
उधर, बीएसएफ जवान महेश कुमार के साले बीरू निवासी भड़ारीपुर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बीएसएफ जवान के आने के बाद ही नुकसान का सही पता चल सकेगा।