दिबियापुर (औरैया)। पिछले सप्ताह दिबियापुर कंचौसी मार्ग पर सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिले शव के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू कर दी है। पिछले सप्ताह 24 नवंबर को कंचौसी दिबियापुर मार्ग पर अमरपुर गांव के पास एक बुजुर्ग का शव झाड़ियों के किनारे मिला था।
बाद में शव की शिनाख्त उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद कार्यालय अधिशासी अभियंता निर्माण इकाई इटावा में माली के पद पर तैनात बालकिशन सविता निवासी सरायां रूरा कानपुर देहात के रूप में हुई थी।
मृतक के पुत्र सौरभ एवं परिजनों ने शनिवार को दिबियापुर थाने में पहुंचकर हत्या की आशंका जाहिर की थी। आरोप लगाया था कि उनके पिता को एक फोन से एक दावत में जाने के लिए बुलाया गया था। बाद में जब मोबाइल पर संपर्क किया गया। फोन स्विच ऑफ मिला। आरोप लगाया कि उसके पिता की हत्या की गई है। इधर, मृतक के परिजन मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिले।
एसपी ने दिबियापुर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा को मामले की जांच करने को कहा है। उधर, क्राइम इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा के अनुसार सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक राम सहाय पटेल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों के निशान दुर्घटना की ओर इशारा कर रहे हैं।