दिबियापुर (औरैया)। सोमवार की रात रेल फ्लाईओवर पर जाम में फंसे एक ट्रक चालक को कुछ युवकों ने जमकर धुना और ट्रक में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया। बाद में दो युवकों को शांतिभंग में पाबंद किया।
सोमवार की रात 10 बजे रेल फ्लाईओवर के ऊपर लगे जाम में एक ट्रक आकर फंस गया। जाम में फंसे अभी कुछ ही समय बीता था। इसी बीच बाइक पर सवार कुछ युवक मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक को नीचे खींचने लगे।
ट्रक से न उतरने पर युवकों ने ट्रक चालक की जमकर धुनाई की। साथ ही ट्रक में तोड़फोड़ भी की। आगे पीछे जाम में फंसे ट्रकों के चालकों ने भी एकत्र होना शुरू कर दिया। इसी बीच मौके पर पहुंची दिबियापुर थाना पुलिस ने आरोपी युवकों को रोका।
साथ ही दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आए। हालांकि ट्रक चालक द्वारा आरोपी युवकों के खिलाफ कोई तहरीर न दिए जाने के कारण दोनों युवकों आशीष एवं जसवंत को शांति भंग में पाबंद कर दिया। दिबियापुर थाने के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार के अनुसार रास्ते में ट्रक एक बाइक से छू गया था। इसी बात से आक्रोशित युवकों ने ट्रक चालक से मारपीट कर दी थी।