बेला(औरैया)। चोरों ने बीती रात तीन घरों व एक दुकान का ताला तोड़कर हजारा का माल पार कर दिया। ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत है। सभी घटनाओं की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
बेला थाना अंतर्गत गांव हृदयपुरवा निवासी महेश का बिधूना रोड पर मकान है। परिजन घर में ताला लगाकर अपने गांव गए थे। सोमवार की रात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर बक्से में रखे 11 हजार रुपये और लगभग चार क्विंटल धान चोरी कर ले गए। गृह स्वामी के बड़े भाई राम प्रकाश सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, गांव सिरायवा निवासी वीरेश कुमार तिवारी के कस्बा स्थित मकान का ताला तोड़ दिया। हालांकि यहां से चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा।
बिधूना रोड पर ही स्थित गांव पृथ्वीपुर के निकट रामशरण की दुकान का ताला तोड़कर चोर लगभग ढाई क्विंटल राई चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि लगभग 13 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसी प्रकार चौथी घटना थाना क्षेत्र के गांव बांधमऊ में घटित हुई। गांव नंदपुर निवासी जगदीश चंद्र राजपूत मकान के ऊपरी मंजिल के बाहर छज्जे की तरफ लगे जंगले को तोड़कर अंदर घुस गए। 15 हजार रुपये नगद समेत इनवर्टर व बैटरी चोरी कर ले गए। प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि चोरी की वारदातें हुई हैं। कस्बा इंचार्ज अवनीश कुमार द्वारा मौका मुआयना किया गया है। घटनाओं की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन में कस्बे के बिधूना रोड पर हुई चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने थाने की पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा के अलावा अजीज खान, मिश्रीलाल कुशवाहा, आशाराम दुबे, रमेश सक्सेना, सुरेंद्र सक्सेना, अमित गुप्ता, आलोक, सुशील गुप्ता, अरविंद शुक्ला, ओमप्रकाश पाल ने थाने में प्रार्थनापत्र देकर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा ने कहा कि सर्दी का मौसम होने के कारण लोग अपने घरों में सो जाते हैं। चहल पहल कम होने के कारण रात में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं।