औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव चिरूहूली में हाईवे पर शुक्रवार की देर रात चेकिंग के दौरान एसओजी व कोतवाली पुलिस ने एक ट्रक में लादकर ले जाया जा रहा 16 टन एल्यूमिनियम का तार ट्रक समेत बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बाद में लिखा पढ़ी के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
शुक्रवार की देर रात लगभग एसओजी टीम के अलावा कोतवाली एसआई रामजीत सिंह पुलिस कर्मियों के साथ कानपुर-इटावा हाईवे मार्ग पर गांव चिरूहूली ओवरब्रिज के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी एक राजस्थान नंबर का ट्रक उधर से गुजरा।
इस पर पुलिस ने उसे रोकने को टार्च से इशारा किया लेकिन चालक ने ट्रक नहीं रोका। इस पर पुलिस ने उसका पीछा करते हुए करमपुर ओवरब्रिज के पास श्याम कोल्ड स्टोर के सामने रुकवाया। इस दौरान पुलिस ने चालक से ट्रक न रोकने की वजह पूछी। जिस पर जबाव सही न मिलने पर पुलिस को शक हुआ। छानबीन के दौरान पुलिस ने ट्रक में चार ड्रम (16 टन) एल्यूमिनियम का बरामद किया। पूछताछ में ट्रक सवार लोग ट्रक पर लदे तार के संबंध में कोई कागज उपलब्ध नहीं करा सके।
इस पर पुलिस ट्रक सवार सभी लोगों के साथ ट्रक को कोतवाली ले आई। जहां पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह बिजली का एल्यूमिनियम तार के ड्रम जौनपुर जिले के एक टावर से चोरी करके गाजियाबाद ले जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक शौकत पुत्र मम्मल निवासी सोहनपुर थाना मासा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान, इमरान खान पुत्र अमृत खान निवासी खोडसी चंद्रावत थाना लक्ष्मनगढ़ जिला अलवर राजस्थान, रमेश चंद्र पुत्र भोला प्रसाद निवासी भवनापुर मढ़ा थाना किशनपुर जिला फतेहपुर उत्तर प्रदेश, गजराज पुत्र राम सिंह निवासी भवनापुर थाना किशनपुर फतेहपुर व गिरधारी सिंह पुत्र सुजान निवासी चिप्लाटा थाना थोई जिला सीकर राजस्थान के नाम शामिल हैं। सभी के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।