सहायल (औरैया)। गांव बद्री की मड़ैया में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुराल के चार लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद से ससुराल वाले फरार हैं।
गांव बद्री की मड़ैया निवासी संदीप के मकान के गेट पर शुक्रवार को बाहर से कुंडी लगी थी। पड़ोसियों ने अंदर झांककर देखा तो संदीप की पत्नी रेखा (24) का शव कमरे में लटक रहा था। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस और मृतका के मायके वालों को दी।
सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के भाई अखिलेश निवासी भगवानदीन पुरवा थाना ककवन जिला कानपुर देहात ने बताया कि बहन रेखा की शादी नौ फरवरी 2017 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से दहेज में कार की मांग को लेकर ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। दहेज के लिए संदीप, ससुर रमेश, जेठ राजेश और नरेंद्र ने मिलकर गला दबाकर रेखा की हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर भाग गए।
घटना की जानकारी पर सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। सीओ सिटी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उनके एक छह माह का पुत्र सक्षम है।