सहार/बेला (औरैया)। थाना अंतर्गत ग्राम सुखमपुर बहादुरपुर निवासी एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार गौतम मजदूरी करने गया था, शाम तक घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने गांव में पता लगाया तो पता नहीं चला। सुबह पास के गांव पिपरौलिया में खेतों पर कार्य करने जा रहे लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति पेड़ से लटका है।
लोगों ने उसकी शिनाख्त गौतम पुत्र सूबेदार के रूप में की और परिजनों को सूचना दी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। गौतम की शादी नौ साल पहले बरहादेवी से हुई थी। अभी कोई संतान नहीं हुई है। सहार चौकी इंचार्ज प्रदीप अवस्थी ने शव पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।