दिबियापुर (औरैया)। सरकारी जंगल से लकड़ी काटने से मना करने पर एक व्यक्ति ने अजीतमल रेंज के वन रक्षक राहुल पचौरी को धमकी दी। राहुल की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वन रक्षक राहुल पचौरी ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वह आरक्षित वन ब्लॉक दौंही गए थे। वहां परसाद का पुरवा, दिबियापुर निवासी पंकज उर्फ खत्री सरकारी जंगल की लकड़ी काट रहा था। साथ ही लकड़ी ट्रैक्टर पर लादकर दिबियापुर ले रहा था। रोकने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज किया। जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस संबंध में वन विभाग के एसडीओ विक्रम सिंह का कहना है कि वन रक्षक ट्रैक्टर समेत काटी गई लकड़ी दिबियापुर ला रहे थे, तभी आरोपी ने उसे धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।