अजीतमल (औरैया)। गांव बिलावा में रविवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने संदेह के आधार पर पति को हिरासत में लिया है।
गांव बिलावा निवासी देशराज गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता है। रविवार को वह घर आया था। उसकी पत्नी उमा (22) अपने चार बच्चों के साथ घर में रहती थी। रविवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। गांव वालों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ अजीतमल मौके पर पहुंचे। जांच के बाद देर रात ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी। इधर, ग्रामीणों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान हत्या किए जाने की आशंका जताई।
कोतवाली निरीक्षक सुदीप मिश्रा ने बताया कि मृतका के गले में निशान पाए गए हैं। मृतका का मायका कानपुर देहात स्थित थाना रूरा के अंतर्गत आने वाले गांव इजुआ में है। बताया कि मृतका के पति को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा और मृतका के मायके वालों की मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।