अजीतमल (औरैया)। पुलिस कंट्रोल रूम 112 नंबर पर विवाहिता की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारियों के पसीने छूट गये। आलाधिकारियों ने वायरलेस सेट पर सूचना प्रसारित करते हुए अधीनस्थों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मामला झूठा निकला देख पुलिस ने राहत की सांस ली। साथ ही पुलिस, मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है।
राधा पुत्री कमलेश प्रजापति निवासी ग्वालियर मध्यप्रदेश बाबरपुर देहात के मोहल्ला सिद्धार्थ नगर निवासी शिव प्रजापति पुत्र जसवंत सिंह के साथ नवंबर 2017 में हुई थी। शनिवार को कमलेश अपनी पत्नी के साथ अपनी पुत्री के घर आया हुआ था। खाना खाकर वह अपनी पत्नी के साथ एक कमरे में सो गया। रविवार की सुबह शिव पत्नी राधा के साथ घर में अंदर था।
तभी किसी बात पर कमलेश का जसवंत सिंह से विवाद होने लगा। आवेश में आकर कमलेश ने 112 नंबर पर उसकी पुत्री राधा की हत्या कर दिए जाने की सूचना दे दी। हत्या की सूचना वायरलेस सेट पर प्रसारित होते ही आलाधिकारियों ने अधीनस्थों को तत्काल मौके पर पहुंचने के आदेश दिए। आनन-फानन में कोतवाली निरीक्षक सुदीप कुमार मिश्रा, एसआई तन्मय चौधरी, एसआई निशा सिंह आदि सहित भारी पुलिस के साथ सिद्धार्थ नगर की ओर दौड़ पड़े लेकिन मौके पर पहुंचने पर हत्या की सूचना गलत निकली।
कोतवाली निरीक्षक सुदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार को कमलेश अपनी पुत्री के यहां आया था। किसी बात पर कमलेश का अपने समधी जसवंत सिंह से विवाद हो गया। कमलेश ने अपनी पुत्री के ससुरालियों द्वारा पुत्री राधा की हत्या किए जाने की झूठी सूचना दी थी। दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। झूठी सूचना देने के आरोप में कमलेश के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।