सहायल (औरैया)। गांव असू में सप्ताह भर पहले पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला करने के मामले में तीन आरोपी अभी फरार है। तमाम कोशिश के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग रहा है।
गांव असू में कुछ दबंगों ने पीडब्लूडी की जमीन पर कब्जा कर रखा था। चार बार जमीन की पैमाइश की गई। हर बार जमीन पीडब्लूडी की होने की जानकारी दी गई, लेकिन दबंग मानने को तैयार नहीं हुए। बीते शुक्रवार को पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम व पुलिस पर दबंगों ने ईंट व लाठियों से हमला बोल दिया, जिसमें चार महिला पुलिस कर्मियों को चोटें आई थी। तहसीलदार बिधूना की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
क्षेत्रीय लेखपाल विनय कुमार ने 10 नामजद व 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बीते शनिवार को हमला करने वाले पांच महिलाओं समेत दो पुरुषों को जेल भेज दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीते जाने के बाद भी शेष तीन हमलावर सुरेश पुत्र रमेशचंद्र, बीरू पुत्र संतोष कुमार, अशोक पुत्र तुल्ला निवासी गांव असू को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ सकी है।