अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-दिल्ली हाईवे पर गांव अमावता मोड़ के पास शनिवार की रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर बाइक सवार युवक की मौत के बाद हंगामा करने वालों को पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाल रही है, लेकिन अभी तक कोई हत्थे नहीं चढ़ा है। इस मामले में पुलिस रविवार को छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके साथ ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
शनिवार की रात बाइक से घर जाते समय हजरतपुर निवासी होरीलाल की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शव को घटना स्थल पर वापस लाने को लेकर मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने प्रतापपुर ओवरब्रिज के पास हाईवे की सर्विस रोड को बनाने की मांग करते हुये हाईवे पर जाम लगा दिया था।
साथ ही उधर से जा रही पांच रोडवेज बसों में तोड़फोड़ करते हुए सवारियों के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने 23 नामजद सहित 48 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया था। पुलिस ने शनिवार को ही मौके से छह नामजदों को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया था। वहीं अन्य की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। कोतवाली निरीक्षक सुदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि गांव में दबिश दी जा रही है। लेकिन अभी कोई पकड़ में नहीं आया है। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।