औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जैतापुर के पास बुधवार की रात बदमाशों ने बाइक से घर जा रहे पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। ऑटो की लाइट देख पुलिस की गाड़ी समझ लुटेरे घटना को अंजाम दिए बिना भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देख कानपुर रेफर कर दिया। गुरुवार को कोतवाली में घायल पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
गांव भरसेन निवासी रामशंकर पाल कार चालक हैं। बुधवार को शाम लगभग 8:15 बजे अपने पुत्र श्यामजी के साथ बाइक से घर जा रहे थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जैतापुर के सामने लुटेरों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। मामला संदिग्ध प्रतीत होते देख बाइक चला रहे श्याम जी ने गति बढ़ाई लेकिन लुटेरों ने डंडा फेंक कर मारा। जिससे पिता-पुत्र दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद लुटेरों ने पीछे बैठे रामशंकर पाल पर लाठियों से हमला बोल दिया। श्यामजी ने पिता को बचाने का प्रयास किया इस पर लुटेरों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया।
मारपीट से रामशंकर लहूलुहान हो गए। इस पर लुटेरों ने जैसे ही रामशंकर को लूटने का प्रयास किया। इसी बीच सामने से आ रहे एक ऑटो की हेड लाइट उन पर पड़ी। जिस पर लुटेरों ने पुलिस की गाड़ी समझ मौके भाग निकले। बाद में जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को घायलावस्था में 50 शय्या युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। दूसरे दिन घायल श्यामजी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।