अयाना/अछल्दा। फरिहा गांव में पहले पानी भरने के विवाद में जमकर लाठी-डंडे चल गए। इस झगड़े में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है। उधर, अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव चंद्रपुरा में मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है।
फरिहा गांव निवासी आलोक पड़ोस के लालजी के घर के बाहर लगे सरकारी नल पर अपना ड्रम भर रहा था। स्वाती पुत्री संतोष नारायण ने अपनी बाल्टी भरने के लिए कहा तो आलोक ने जवाब दिया कि ड्रम भरने के बाद ही कोई पानी भरेगा। आरोप है कि उसने स्वाती की बाल्टी फेंक दी। इसको लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर लाठी डंडे चले।
इसमें आलोक और लाल जी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का समुदाय स्वास्थ्य केंद्र अयाना में डॉक्टरी परीक्षण कराया गया। आलोक की हालत ज्यादा नाजुक होने पर सैफई रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव चंद्रपुरा निवासी योगेंद्र कुमार पुत्र अभयराम ने मारपीट की तहरीर दी है। तहरीर में कहा है कि 25 जुलाई को शाम को गांव के साहब सिंह, सोनू, अजीत, मिथलेश देवी ने उसे पीटा। बचाने आए परिजनों को भी मारापीटा। पुलिस ने दी गई तहरीर पर एनसीआर दर्ज की है।